लखनऊ। ननिहाल आई किशोरी को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने व धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने वाले युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। वहीं, पारा पुलिस ने भी 14 वर्षीय किशोरी को बहलाकर अगवा करने व धर्म बदलने का दबाव डालने के आरोपी को दबोचा है। मलिहाबाद इंस्पेक्टर सुरेश सिंह के अनुसार वजीरगंज इलाके की रहने वाली 15 साल की किशोरी कुछ दिन पहले मलिहाबाद में ननिहाल आई थी। बृहस्पतिवार को वजीरगंज के गौसगंज निवासी कैफ उर्फ सैफ किशोरी को बहलाकर भगा ले गया था। शुक्रवार को किशोरी के मामा ने केस दर्ज कराया था।
पुलिस ने अपहृत किशोरी को ढूंढ निकाला। कैफ पर किशोरी पर धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने का भी आरोप है। पुलिस ने शनिवार को कैफ को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। बंथरा के सादुल्ला नगर निवासी शकील खान कुछ दिनों पहले पारा इलाके से 14 वर्षीय किशोरी को बहलाकर भगा ले गया था। किशोरी के पिता ने पांच दिसंबर को केस दर्ज कराया था। पुलिस ने शकील को गिरफ्तार कर किशोरी को सकुशल मुक्त करा लिया। पुलिस के मुताबिक किशोरी ने बताया कि शकील शादी के नाम पर धर्म परिवर्तन के लिए उस पर दबाव बना रहा था।







