नई दिल्ली- गणतंत्र दिवस से पहले राजधानी दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करते हुए दिल्ली पुलिस ने बड़े स्तर पर सघन जांच अभियान चलाया। लगातार मिल रहे इनपुट और सुरक्षा अलर्ट के मद्देनजर पुलिस ने राजधानी के सभी जिलों में एक साथ कार्रवाई करते हुए हजारों लोगों पर शिकंजा कसा।
पिछले 24 घंटों के दौरान दिल्ली के 15 जिलों में पुलिस की एक हजार से अधिक टीमों को मैदान में उतारा गया। इन टीमों ने संवेदनशील इलाकों, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों और संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी कर बड़ी संख्या में लोगों से पूछताछ की। इस दौरान 30 हजार से ज्यादा लोगों को अलग-अलग मामलों में गिरफ्तार या हिरासत में लिया गया।
पुलिस की इस कार्रवाई में नशे के कारोबार, अवैध शराब बिक्री, जुआ, हथियार रखने और सार्वजनिक स्थानों पर नियमों के उल्लंघन से जुड़े मामलों में सैकड़ों केस दर्ज किए गए। भारी मात्रा में मादक पदार्थ, अवैध हथियार, चोरी के वाहन, नकदी और मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
अधिकारियों के अनुसार इस अभियान में जिले की पुलिस के साथ-साथ क्राइम ब्रांच, स्पेशल सेल और अन्य विशेष इकाइयों ने भी भाग लिया। पुलिस टीमों ने एक ही समय पर अलग-अलग इलाकों में दबिश देकर असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर रोक लगाने की कोशिश की।
सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने, यातायात नियमों के उल्लंघन और शांति भंग करने की आशंका के चलते हजारों लोगों के खिलाफ एहतियाती कार्रवाई की गई। साथ ही बड़ी संख्या में वाहनों को जब्त कर उनके दस्तावेजों की जांच की गई।
पुलिस ने यह भी बताया कि घोषित बदमाशों और आपराधिक पृष्ठभूमि वाले लोगों की विशेष निगरानी की जा रही है। तंबाकू उत्पादों से जुड़े नियमों के उल्लंघन पर भी सख्त कार्रवाई की गई है। दिल्ली पुलिस का कहना है कि गणतंत्र दिवस समारोह के दौरान किसी भी तरह की अव्यवस्था को रोकने के लिए सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हैं और आगे भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे।







