नई दिल्ली : दिल्ली के नरेला औद्योगिक क्षेत्र स्थित बवाना जेजे कॉलोनी में शनिवार देर रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। आपसी विवाद के चलते कुछ बदमाशों ने दो भाइयों और एक अन्य पर चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में 29 वर्षीय नियाज की मौत हो गई, जबकि उसका भाई निहाल और भांजा तौकीर गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनका अस्पताल में इलाज जारी है।
परिवारवालों के अनुसार, निहाल से एक आरोपी बार-बार पैसे की मांग करता था और इनकार करने पर मारपीट करता था। पीड़ित द्वारा इस बात की शिकायत पुलिस से की गई थी। इसी रंजिश के चलते हमलावरों ने शनिवार रात हमला कर दिया।
घटना के बाद बाहरी उत्तरी जिला पुलिस उपायुक्त हरेश्वर वी. स्वामी ने जानकारी दी कि मामले में शामिल दो आरोपियों तोशिफ और अरु को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि तीसरे फरार आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।
इलाके में इस घटना के बाद दहशत का माहौल है। पुलिस ने हत्या और जानलेवा हमले की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है और मामले की गहन जांच जारी है।







