30 वर्षीय मोहित के गले, छाती और पेट पर मिले चाकू के घाव, फोरेंसिक टीम जुटी जांच में
दिल्ली – बाहरी उत्तरी क्षेत्र नांगल ठाकरान में शनिवार को एक 30 वर्षीय युवक की रहस्यमय परिस्थितियों में मौत हो गई, मृतक की पहचान गांव निवासी मोहित के रूप में हुई है।
पुलिस को प्राप्त सूचना के अनुसार, मोहित का शव खून से सना हुआ मिला जिसमें गले, छाती और पेट पर धारदार हथियार से गहरे जख्म थे। पीसीआर कॉल के बाद मौके पर पहुंची टीम ने तत्काल कार्रवाई की और शव को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
फॉरेंसिक विशेषज्ञों की टीम ने घटनास्थल का गहन निरीक्षण किया और साक्ष्यों को एकत्र किया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, जिससे मृत्यु के कारणों की स्पष्ट जानकारी मिल सके। पुलिस फिलहाल मामले की सभी संभावनाओं की जांच कर रही है, जिसमें हत्या की आशंका भी शामिल है।







