दिल्ली- नरेला औद्योगिक क्षेत्र में 28 जून की रात एक 15 वर्षीय नाबालिग ने लूटपाट के इरादे से 40 वर्षीय सुनील मंडल की हत्या कर दी। पुलिस ने वारदात के करीब छह घंटे बाद आरोपी को सीसीटीवी फुटेज की मदद से पकड़ लिया। उसके पास से हत्या में इस्तेमाल तवा, चाकू, 1500 रुपये और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
पुलिस के मुताबिक, मृतक सुनील मंडल विवाह समारोहों में खाना-पीना परोसने का काम करता था। आरोपी उसे पहले से जानता था और अक्सर उससे बचा हुआ खाना खाता था। आरोपी को पता चला था कि सुनील के पास 10 हजार रुपये होंगे, इसी लालच में वह 28 जून की रात सुनील के घर गया और उसके सोते ही तवे से सिर पर हमला कर दिया। इसके बाद चाकू से उसका गला रेत कर मौके से फरार हो गया।
जांच में पता चला कि सुनील के पास इतनी रकम नहीं थी क्योंकि वह पैसे पहले ही वेटरों को दे चुका था। पुलिस ने आरोपी को पकड़ कर जुवेनाइल अदालत में पेश किया, जहां से उसे बाल सुधार गृह भेज दिया गया है।







