बाराबंकी। रामनगर क्षेत्र में दहेज में कार की मांग पूरी न होने पर विवाहिता के साथ मारपीट करने और उसे कमरे में बंद रखने का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने पति समेत सात ससुरालियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रामनगर की सदफ खातून की शादी 16 अप्रैल 2026 को बहराइच के जरवल रोड क्षेत्र के नौशहरा निवासी अब्दुर्रहमान उर्फ सद्दाम के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी के दौरान मायके पक्ष ने करीब 1.50 लाख रुपये नकद, जेवर, बाइक समेत लगभग 15 लाख रुपये का सामान दिया था। इसके बावजूद ससुराल पक्ष की ओर से कार की मांग को लेकर विवाहिता को लगातार परेशान किया जाता रहा।
पीड़िता का आरोप है कि कार की मांग पूरी नहीं होने पर उसके साथ मारपीट की जाती थी और उसे तरह-तरह के ताने दिए जाते थे। 28 जून को मायके वालों ने उसे कमरे में बंद और घायल हालत में पाया। इसके बाद उसे रामनगर सीएचसी में उपचार के लिए ले जाया गया। आरोप है कि अगले दिन भी मायके पहुंचकर उसके साथ मारपीट की गई और कार की मांग दोहराई गई।
पुलिस ने मामले में 15 अगस्त को पति अब्दुर्रहमान उर्फ सद्दाम, सास शकीला, देवर सूफी और शहजादे, ननद सुरैया, ननदोई मुश्ताक तथा ननद की सास नाजिया हमीद के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस आरोपों की जांच कर मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।







