बुलंदशहर- उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में शराब के नशे में दो दोस्तों के बीच हुआ विवाद खूनी वारदात में बदल गया। सलेमपुर थाना क्षेत्र के सदरपुर गांव में एक युवक ने कथित तौर पर अपने दोस्त नरेश पर हमला कर उसकी जान ले ली। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, जिसके बाद पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
बताया जा रहा है कि नरेश और आरोपी दोनों साथ बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर उनके बीच कहासुनी शुरू हो गई। कुछ ही देर में विवाद बढ़ गया और आरोपी ने नरेश पर हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से उसकी मौत हो गई।
वारदात की सूचना मिलते ही सलेमपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले में केस दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दो टीमें लगाई गई हैं। पुलिस विवाद की वजह और हत्या से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।







