लुधियाना। बस्ती जोधेवाल चौक के पास एक ऑटो एजेंसी के कार्यालय में चेक वापस लेने पहुंचे तीन लोगों के साथ कथित तौर पर मारपीट और लूटपाट का मामला सामने आया है। आरोप है कि एजेंसी में मौजूद लोगों ने तीनों को कमरे के अंदर बंद कर दिया और उनके साथ मारपीट की। इस दौरान पीड़ितों के मोबाइल फोन छीनने के साथ सोने के आभूषण भी ले लिए गए।
पुलिस को दी शिकायत में शक्ति डाबी ने बताया कि वह अपने दो साथियों दलीप ग्रोवर और मिथलेश कुमार के साथ जोधेवाल चौक स्थित ए टू जेड ऑटो एजेंसी के कार्यालय पहुंचे थे। बताया गया कि मिथलेश कुमार ने पहले एजेंसी को कुछ चेक दिए थे, जिन्हें वापस लेने के लिए तीनों वहां गए थे।
शिकायत के अनुसार, चेक वापस मांगने को लेकर एजेंसी के प्रबंधकों और तीनों लोगों के बीच बातचीत के दौरान विवाद हो गया। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने कार्यालय का दरवाजा अंदर से बंद कर दिया और तीनों को कथित तौर पर बंधक बना लिया।
इसके बाद आरोपियों ने तीनों के साथ मारपीट की। पीड़ित का आरोप है कि इस दौरान उनके मोबाइल फोन छीन लिए गए। वहीं शक्ति डाबी के गले से सोने की चेन और कान में पहना सोने का आभूषण भी खींच लिया गया।
किसी तरह आरोपियों के चंगुल से निकलने के बाद पीड़ितों ने पुलिस से शिकायत की। मामले की जांच के बाद पुलिस ने आबिद अंसारी, लाखन कुमार और कसूर आलम के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस अब पूरे मामले की जांच कर रही है और आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।







