125 किलोमीटर दूर बुलाकर रची थी खौफनाक साजिश, आरोपी ने पूछताछ में किया अपराध कबूल
सीहोर। मध्य प्रदेश के सीहोर जिले के बुधनी क्षेत्र में एक युवती की निर्मम हत्या की गुत्थी सुलझ गई है। प्रेम-संबंध में शादी के लिए दबाव बना रही युवती की उसके ही प्रेमी ने हत्या कर दी। आरोपी ने उसे बहला-फुसलाकर 125 किलोमीटर दूर एक सुनसान जंगल में बुलाया और वहां बेरहमी से वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान 21 वर्षीय अंकिता (बदला गया नाम) के रूप में हुई है, जो बैतूल जिले की निवासी थी। आरोपी कृष्णकांत नामक युवक से उसका लंबे समय से प्रेम संबंध था। पुलिस की जांच में सामने आया कि आरोपी युवती के शादी के प्रस्ताव से परेशान था। उसने धोखे से उसे नर्मदापुरम बुलाया और बाइक से सतकुंडा के घने जंगल में ले जाकर पहले पत्थर से हमला किया और फिर चाकू से उसकी जान ले ली।
घटना की शुरुआत उस समय हुई जब 15 जून को सतकुंडा के पास जंगल में एक अज्ञात युवती की क्षत-विक्षत लाश बरामद हुई। पहचान के लिए पुलिस ने आस-पास के जिलों से लापता लोगों की जानकारी मंगाई। अंकिता की पहचान उसके कपड़ों और हुलिए के आधार पर की गई।
परिजनों की तहरीर और संदेह के आधार पर पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने अपराध कबूलते हुए कहा कि वह शादी के दबाव से परेशान था, इसी वजह से उसने यह कदम उठाया। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त चाकू, बाइक, मोबाइल और अन्य सबूत बरामद कर लिए हैं।
पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए इस ब्लाइंड मर्डर केस को कुछ ही दिनों में सुलझा लिया। आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।







