इस दौरान उसके पास एक थैले में करीब ढाई से पौने तीन लाख रुपए रखे हुए थे। उसने बताया कि जब वह आवास विकास चौकी से करीब 300 मीटर आगे पहुंचा तो सामने की ओर से आई एक सफेद रंग की अपाचे बाइक सवार दो बदमाशों ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। साथ ही आरोपियों ने उसके चेहरे पर लाल मिर्च पाउडर फेंक कर मारा। जिससे वह घबरा गया और मिर्च पाउडर के कारण उसकी आंखों में जलन होने लगी। इस दौरान आरोपियों ने उससे थैला छिनने की कोशिश की। लेकिन उसने आरोपियों का विरोध किया। आरोपियों ने पीडि़त के विरोध करने पर उसके सिर पर तमंचों की बट से ताबड़तोड़ प्रहार कर दिए। साथ ही उसको जान से मारने की नीयत से फायरिंग की लेकिन गोली महेश के सीने को छूती हुई निकल गई।
इसके बाद बदमाश उसे रूपयों से भरा थैला लेकर भाग निकले। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने महेश को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। साथ ही जांच पड़ताल शुरू कर दी है। पुलिस ने आवास विकास चौकी क्षेत्र में उस मार्ग पर लगे करीब 30 सीसीटीवी फुटेज खंगाले हैं। जिनके आधार पर बदमाशों व उनकी बाइक की शिनाख्त करने की कोशिश की जा रही है। एसएसपी श्लोक कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है, जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर वारदात का राजफाश कर दिया जाएगा।







