नई दिल्ली- अंतरराष्ट्रीय फरारी काट रहा कुख्यात अपराधी नोनी राणा अमेरिकी सुरक्षा एजेंसियों की गिरफ्त में आ गया है। अधिकारियों के अनुसार, राणा को नियाग्रा बॉर्डर क्षेत्र में उस समय पकड़ा गया, जब वह चुपचाप कनाडा में प्रवेश करने की कोशिश कर रहा था। नियमित जांच के दौरान उसकी गतिविधियों पर संदेह होने पर उसे तुरंत हिरासत में ले लिया गया।
नोनी राणा हरियाणा का रहने वाला है और प्रदेश में सक्रिय गैंगस्टर नेटवर्क का अहम सदस्य माना जाता है। उसके बड़े भाई काला राणा समेत कई संगठनों से उसके संबंधों की जांच लंबे समय से जारी थी। गिरफ्तारी के बाद अब अमेरिकी एजेंसियां कानूनी औपचारिकताओं और भारत को प्रत्यर्पण की प्रक्रिया पर काम कर रही हैं।
इसी साल इससे पहले एक और बड़ा ऑपरेशन सफल हुआ था, जब अमेरिका ने गैंगस्टर अनमोल बिश्नोई को भारत को सौंपा। प्रत्यर्पण के बाद दिल्ली पहुंचते ही एनआईए ने उसे गिरफ्तार कर विशेष अदालत में पेश किया, जहां से उसे 11 दिनों की हिरासत मिली। एजेंसी का दावा है कि अनमोल विदेश में बैठकर भारत में सक्रिय अपराध और आतंकी नेटवर्क को निर्देशित करता था। उसकी लोकेशन ट्रेस करने में पंजाब पुलिस की बड़ी भूमिका रही।
वर्ष 2022 में एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स ने खुलासा किया था कि अनमोल फर्जी पासपोर्ट का उपयोग कर भारत से फरार हुआ और केन्या सहित कई देशों से गुजरकर अमेरिका पहुंचा। वह पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या और सलमान खान के मुंबई स्थित आवास पर गोलीबारी जैसे मामलों में भी वांछित था।







