फरीदाबाद – फरीदाबाद के सारण गांव निवासी 50 वर्षीय मुकेश हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी के मृतक की बेटी के साथ प्रेम संबंध थे और इसी को लेकर विवाद चल रहा था।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी और मृतक की बेटी एक ही कंपनी में काम करते थे। दोनों के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध थे, जिसकी जानकारी परिवार को लग चुकी थी। बताया जा रहा है कि इसी बात को लेकर मृतक और आरोपी के बीच तनाव बना हुआ था।
जांच में सामने आया कि आरोपी ने मुकेश की गला दबाकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी शव को गांव नेकपुर के पास फेंककर फरार हो गया। बाद में पुलिस ने इलाके से शव बरामद किया और मामले की जांच शुरू की।
मामले में सबसे चौंकाने वाला पहलू तब सामने आया जब आरोपी खुद थाने पहुंचा और मुकेश की गुमशुदगी दर्ज कराने की कोशिश करने लगा, ताकि पुलिस का शक उस पर न जाए। हालांकि पूछताछ के दौरान आरोपी के बयान में विरोधाभास मिलने पर पुलिस को उस पर संदेह हुआ।
इसके बाद सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपी टूट गया और उसने हत्या की बात कबूल कर ली। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।







