कटकमसांडी (हजारीबाग)। शाहपुर गांव में चोरों ने एक बंद घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के आभूषण और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। वारदात में करीब पांच लाख रुपये के सामान चोरी होने का अनुमान है। घटना 13 अगस्त की रात से 14 अगस्त की सुबह के बीच की बताई जा रही है।
शाहपुर निवासी ममता देवी ने मामले को लेकर 14 अगस्त को कटकमसांडी थाने में लिखित शिकायत दी। आवेदन के आधार पर पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिकायत के मुताबिक, चोरों ने घर का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया। इसके बाद अलमारी आदि खंगालकर करीब 40 ग्राम सोने के आभूषण चोरी कर लिए। चोरी हुए सामान में नेकलेस, मंगलसूत्र, झुमके, मांगटीका और अंगूठियां शामिल हैं।
चोर करीब 270 ग्राम वजन की दो जोड़ी चांदी की पायल के साथ 10 हजार रुपये नकद भी ले गए। पीड़िता ने चोरी हुए सामान की कुल कीमत लगभग पांच लाख रुपये बताई है।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की। वारदात से जुड़े सुराग तलाशने के लिए खोजी कुत्ते की सहायता भी ली गई। पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास के इलाकों में छानबीन कर संभावित सुराग जुटाने का प्रयास किया।
कटकमसांडी थाना प्रभारी अनुपम प्रकाश के नेतृत्व में पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि चोरों की पहचान और गिरफ्तारी के साथ चोरी गए सामान की बरामदगी के लिए संभावित ठिकानों और अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।







