नई दिल्ली- गोवा के अरापोरा क्षेत्र में स्थित एक नाइटक्लब में हाल ही में हुए भीषण अग्निकांड मामले में जांच टीम को एक और अहम सुराग हाथ लगा है। हादसे में 25 लोगों की जान जाने के बाद पुलिस लगातार जिम्मेदार लोगों पर शिकंजा कस रही है। इसी क्रम में दिल्ली से क्लब से जुड़े एक कर्मचारी को गिरफ्तार किया गया है।
बताया जा रहा है कि पकड़ा गया व्यक्ति भरत कोहली दिल्ली के सब्जी मंडी इलाके में रहता है और आग लगने से पहले क्लब के संचालन से संबंधित अहम जिम्मेदारियाँ संभालता था। गोवा पुलिस को क्लब के मैनेजमेंट से पूछताछ के दौरान उसके नाम की जानकारी मिली, जिसके बाद दिल्ली में दबिश देकर उसे हिरासत में ले लिया गया। आरोपी को अब आगे की कार्रवाई के लिए गोवा लाया जा रहा है।
शनिवार देर रात ‘बिर्च बाय रोमियो लेन’ नामक नाइटक्लब में आग लगने से अफरातफरी मच गई थी। राहत और बचाव कार्य खत्म होने के बाद पता चला कि मृतकों में बड़ी संख्या उसी क्लब में काम करने वाले कर्मचारी थे। घटना के बाद सुरक्षा इंतजामों और क्लब के लाइसेंसिंग सिस्टम पर गंभीर सवाल खड़े होने लगे हैं।
इससे पहले पुलिस क्लब के कई पदाधिकारियों को गिरफ्तार कर चुकी है, जिनमें मुख्य महाप्रबंधक राजीव मोदक, महाप्रबंधक विवेक सिंह, बार प्रबंधक राजीव सिंघानिया और गेट प्रबंधक रियांशु ठाकुर शामिल हैं। अब भरत कोहली की गिरफ्तारी ने जांच को एक नया मोड़ दे दिया है।







