ग्रेटर नोएडा। थाना सूरजपुर क्षेत्र में रहने वाली एक युवती के छह वर्ष पुराने दोस्त ने ही युवती के कुछ व्यक्तिगत फोटो उसके भाई को मोबाइल पर भेज दिए। युवती ने दोस्त पर ब्लैक मेल करने का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई है।रिपोर्ट में युवती ने कहा है कि छह वर्ष पहले वह एक युवक के संपर्क में आई। बाद में उससे दोस्ती हो गई। दोस्ती के क्रम में ही दोनों की व्हाट्सएप पर चैटिंग होने लगी। वह संदेशों और फोटो, वीडियो का आदान प्रदान करने लगे। युवक पहले से ही शादी शुदा है और दो बच्चों का पिता है। अब युवक उस पर शादी करने का दबाव डाल रहा है।
ऐसा न करने पर ब्लैकमेल करता है। इसी के चलते आरोपी ने युवती के भाई के मोबाइल पर व्यक्तिगत फोटो भेज दिए। विरोध करने पर आरोपी ने युवती को धमकाना शुरू कर दिया। परेशान युवती ने आरोपी धर्मेंद्र के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। सूरजपुर थाने के प्रभारी पुष्पराज सिंह ने बताया कि युवती की शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। मामले की जांच की जा रही है। आरोपी के खिलाफ जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।







