नोएडा। कासना कोतवाली पुलिस ने एक संगठित बाइक चोरी गिरोह का पर्दाफाश करते हुए कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इन आरोपियों के कब्जे से अब तक 15 चोरी की गई बाइक्स, दो अवैध चाकू और एक तमंचा बरामद किया गया है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, 19 सितंबर 2025 को गोपनीय सूचना के आधार पर साइट-5 ओवरब्रिज के पास से तीन आरोपियों—गोपाल शर्मा (25) निवासी छपरौला, प्रिन्स (19) अलीगढ़ और नितेश (20) मथुरा—को दबोचा गया। पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की वारदातों में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। इनके कब्जे से 12 चोरी की बाइक बरामद हुई हैं, जिनमें कुछ पर नंबर प्लेट मौजूद हैं और कुछ बिना नंबर की थीं।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी लंबा है। इनके खिलाफ सेंट्रल नोएडा जोन, ईकोटेक-3, दिल्ली और फरीदाबाद में पहले से चोरी के कई मामले दर्ज हैं। यह गिरोह पुरानी बाइक चोरी कर फर्जी कागजात बनाकर उन्हें बेचता था। अब तक ये गिरोह पिछले चार महीनों में 20 से अधिक चोरी की घटनाओं में शामिल रहा है। चोरी की बाइक को बुलंदशहर में सस्ते दाम पर बेचा जाता था, और कमाई आपस में बांटकर खर्च की जाती थी।
इसी बीच, बीटा-2 कोतवाली पुलिस ने भी दो शातिर बाइक चोरों—अंकित (इटावा) और इलियाश (खैरपुर गुर्जर)—को डोमिनोज गोलचक्कर के पास से गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से तीन चोरी की बाइक और दो अवैध चाकू बरामद हुए। दोनों आरोपियों पर पहले से चोरी और अवैध हथियार रखने के मामले दर्ज हैं।
पुलिस ने बताया कि गिरोह के अन्य सदस्य भी अभी फरार हैं और उनकी जल्द गिरफ्तारी के लिए तलाशी जारी है।







