गाजियाबाद: लिंक रोड थानाक्षेत्र स्थित नवीन फल-सब्जी मंडी में 11 अगस्त को भड़काऊ भाषण देने और मंडी सचिव की पत्नी पर अभद्र टिप्पणी करने के आरोप में कांग्रेस नेता बिजेंद्र यादव को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। डीसीपी ट्रांस हिंडन निमिष पाटील ने बताया कि 20 अगस्त को कांग्रेस नेता को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से न्यायालय ने उन्हें जेल भेजने का आदेश दिया।
घटना 11 अगस्त की है। दुकान लगाने को लेकर विवाद के बीच मंडी में व्यापारियों की बैठक बुलाई गई थी। इसी दौरान बिजेंद्र यादव ने भाषण में भड़काऊ शब्दों का इस्तेमाल किया और मंडी सचिव की पत्नी पर अपमानजनक टिप्पणी कर दी। इससे माहौल बिगड़ गया और मंडी में दो पक्षों के बीच विवाद बढ़कर फायरिंग और तोड़फोड़ तक पहुंच गया।
इस घटना में सचिन नामक पल्लेदार गोली लगने से घायल हो गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए मंडी सचिव की पत्नी ने बिजेंद्र यादव के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया, जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।







