गुरुग्राम: गुरुग्राम के सेक्टर-30 स्थित साइबर अपराध थाना दक्षिण की पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने एक फर्जी कॉल सेंटर का भंडाफोड़ करते हुए शनिवार को एक महिला सहित छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। ठगों के पास से 11 मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। सभी आरोपियों को अदालत में पेश किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इस प्रकार है:
-
अंसार खान (31), अहजाज (27) – जुरहेरा, राजस्थान
-
निसार खान (20) – रामपुरा, अलवर, राजस्थान
-
सूरज कुमार (26) – भिवाड़ी, अलवर, राजस्थान
-
योगेंद्र (29) – कर्मपुरा, एफ-ब्लॉक, दिल्ली
-
सरिता (25) – शीतला खेत सरला रौतेला, अल्मोड़ा, उत्तराखंड
ठगी का तरीका:
पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि इस फर्जी कॉल सेंटर का संचालन अनुज नामक व्यक्ति कर रहा था, जो खुद कभी-कभार ही वहां आता था। पिछले तीन महीने से संचालित इस सेंटर के ज़रिए आरोपी खुद को बैंक कर्मचारी बताकर लोगों को कॉल करते थे। वे क्रेडिट कार्ड के पॉइंट रिडीम करने का लालच देकर पीड़ितों को फर्जी एप का लिंक भेजते थे।
जैसे ही व्यक्ति उस एप को इंस्टॉल करता और अपनी क्रेडिट कार्ड की जानकारी और OTP डालता, आरोपी तुरंत उसके खाते से पैसे ट्रांसफर कर लेते थे।
सहायक पुलिस आयुक्त (साइबर अपराध) प्रियांशु दीवान ने बताया कि यह कार्रवाई 9 अगस्त को दर्ज हुई एक ठगी की शिकायत के आधार पर की गई। जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी संगठित तरीके से साइबर ठगी को अंजाम दे रहे थे।







