गाजियाबाद: दिल्ली से सटे गाजियाबाद में साइबर ठगों का एक नया मामला सामने आया है, जहां एक बुजुर्ग को बीमा पॉलिसी अपडेट करने और भारी मुनाफे का लालच देकर करीब 11 लाख रुपये की ठगी कर ली गई। ठगों ने खुद को नामी बीमा कंपनी का अधिकारी बताकर इस वारदात को अंजाम दिया। पीड़ित बुजुर्ग की शिकायत पर साइबर क्राइम थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, गुलधर इलाके के रहने वाले रमेश कुमार शर्मा ने वर्ष 2023 में ‘आदित्य बिरला सन लाइफ’ की तीन बीमा पॉलिसियां ली थीं। जून 2025 में उनके पास एक अनजान नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को कंपनी का प्रतिनिधि बताते हुए दावा किया कि यदि वे अपनी पॉलिसी अपडेट कराते हैं, तो उन्हें लाखों रुपये का रिटर्न मिलेगा। झांसे में आकर पीड़ित ने शुरुआत में 37,800 रुपये बताए गए खाते में ट्रांसफर कर दिए।
इसके बाद, अलग-अलग नंबरों से कई लोगों ने उनसे संपर्क किया और खुद को कंपनी का वरिष्ठ अधिकारी बताया। आरोपियों ने कभी टैक्स, कभी प्रोसेसिंग फीस, तो कभी स्टांप ड्यूटी और अन्य कागजी औपचारिकताओं का बहाना बनाकर पीड़ित से बार-बार पैसे जमा करवाए। ठगों ने पीड़ित को भरोसा दिलाया कि प्रक्रिया पूरी होते ही उनके खाते में करीब 32 लाख रुपये आ जाएंगे।
पीड़ित ने जून 2025 से अप्रैल 2026 तक ठगों के बताए अलग-अलग बैंक खातों में कुल 11 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। जब काफी समय बीत जाने के बाद भी कोई पैसा नहीं मिला और आरोपी लगातार और रकम जमा करने का दबाव बनाने लगे, तब पीड़ित को ठगी का अहसास हुआ।
एसीपी क्राइम अमित सक्सेना ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया गया है। जिन बैंक खातों में पैसे ट्रांसफर किए गए हैं, उनकी बैंक डिटेल्स निकाली जा रही हैं। पुलिस का कहना है कि साइबर सेल की मदद से आरोपियों का जल्द पता लगाकर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।







