सड़क किनारे शव फेंककर भाग रहे आरोपी को पुलिस ने दबोचा
लखनऊ। राजधानी में सोमवार सुबह एक सनसनीखेज वारदात सामने आई, जहां एक ई-ऑटो चालक की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद आरोपी शव को सड़क किनारे फेंककर फरार होने की कोशिश कर रहा था, लेकिन मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने पीछा कर उसे दबोच लिया।
घटना गोसाईंगंज थाना क्षेत्र के उमेद खेड़ा की है। करीब 10:30 बजे गदियाना निवासी 27 वर्षीय पवन कुमार, जो दिव्यांग होने के बावजूद ई-ऑटो चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था, की हत्या गांव के ही युवक मोहित रावत ने कर दी। हत्या के बाद आरोपी ने शव को बारिश के पानी से भरी सड़क किनारे की खाई में फेंक दिया और भागने लगा।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आरोपी को दौड़ाकर गिरफ्तार कर लिया। घटनास्थल से ई-ऑटो और हत्या में इस्तेमाल चाकू बरामद कर लिया गया है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में प्रशिक्षु अपूर्वा पांडेय और इंस्पेक्टर ब्रजेश कुमार त्रिपाठी समेत फील्ड यूनिट ने जांच शुरू कर दी है। इंस्पेक्टर ने बताया कि मृतक दिव्यांग युवक था और ई-ऑटो चलाकर गुजर-बसर करता था। हत्या की वजह जानने के लिए आरोपी से पूछताछ जारी है।







