दिल्ली। न्यू उस्मानपुर इलाके में चरित्र पर शक के चलते एक शख्स ने अपनी पत्नी पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए। वारदात के दौरान आरोपित घर में खाना खा रहा था। घायल हालत में महिला को पड़ोसियों ने जग प्रवेश चंद अस्पताल में भर्ती करवाया। जहां से उसे जीटीबी अस्पताल रेफर कर दिया। नीतू की शिकायत पर न्यू उस्मानपुर थाना पुलिस ने हत्या के प्रयास की धारा में प्राथमिकी की है। पुलिस ने आरोपित पति शिव कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। वारदात में इस्तेमाल चाकू भी बरामद कर लिया है। नीतू अपने परिवार के साथ न्यू उस्मानपुर दूसरा पुश्ता पर रहती हैं। परिवार में पति शिव कुमार व दो बेटे हैं। उनकी दोनों बेटियों की शादी हो चुकी है।
उनके दोनों बेटे अपनी एक बहन के घर पर गए हुए थे। पीड़िता ब्लेकबोर्ड बनाने की फैक्ट्री में नौकरी करती हैं। आरोपित पेशे से दर्जी है। आरोप है कि आरोपित अपनी पत्नी के चरित्र पर शक करता है। अक्सर उसे मारता पीटता है। बुधवार देर शाम को पीड़िता फैक्ट्री से घर लौटी। रात करीब आठ बजे आरोपित खाना खा रहा था। वह किसी बात पर अपनी पत्नी से झगड़ने लगा। पत्नी ने झगड़े का विरोध किया तो आरोपित ने सब्जी काटने वाले चाकू से पत्नी के पेट, हाथ व शरीर पर कई जगह वार कर दिए।







