इंदिरापुरम। पुलिस ने 15 जून की रात वसुंधरा सेक्टर-1 चौराहे पर चेकिंग के दौरान एक कार सवार युवक को गिरफ्तार किया, जिसके पास से 685 ग्राम स्मैक बरामद की गई। गिरफ्तार आरोपी की पहचान दिल्ली के सुंदर नगरी निवासी सचिन के रूप में हुई है। कार की तलाशी में ड्रग्स के साथ 10 हजार रुपये की नकदी भी मिली, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया है।
पूछताछ के दौरान सचिन ने खुलासा किया कि वह स्मैक दिल्ली के नंद नगरी की रहने वाली एक महिला पिंकी से खरीदकर लाया था। वह इस स्मैक को छोटी-छोटी पुड़ियों में 500 से 1000 रुपये तक बेचने की योजना में था। नार्कोटिक्स विभाग के अनुसार जब्त की गई स्मैक की अंतरराष्ट्रीय कीमत लगभग एक करोड़ रुपये आंकी गई है।
इस मामले की जानकारी 16 जून को एसीपी इंदिरापुरम अभिषेक श्रीवास्तव ने साझा की। उन्होंने बताया कि यह कार्रवाई हिंडन बैराज की ओर से आने वाले वाहनों की नियमित जांच के दौरान की गई। फिलहाल पुलिस तस्करी नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों, विशेषकर पिंकी की तलाश में जुटी है और पूरे मामले की गहन जांच जारी है।







