कानपुर। बर्रा थाना इलाके के आई ब्लॉक में कुछ अपराधियों ने फिल्मी अंदाज में एक चालक का रास्ता रोका और शराब पीने के लिए रंगदारी मांगी। चालक ने विरोध किया तो जमकर पीटा। पिटाई के दौरान एक हमलावर ने खुद का नाम बब्लू कट्टा बताते हुए कहा कि नाम याद रखना, सीधे गोली मार देता हूं। वरुण विहार बर्रा-8 निवासी ऑटो चालक प्रवीन दीक्षित ने बताया कि नौ जनवरी की रात वह बर्रा थानाक्षेत्र के आई ब्लॉक निवासी मोटर मालिक रिटायर्ड दरोगा वीएन मिश्रा के घर ऑटो खड़ा करने जा रहा था।
इसी दौरान आई ब्लॉक नाले के पास स्थित एक पान की गुमटी पर खड़े तीन-चार आरोपियों ने उसे रोक लिया और ठेके चलकर शराब पिलाने के लिए कहने लगे। प्रवीन ने ऑटो आगे बढ़ाने का प्रयास किया तो आरोपी सामने खड़े हो गए। हटने के लिए कहा तो पीटना शुरू कर दिया। आसपास के लोगों ने बीच बचाव किया तो हमलावर ने अपना नाम बब्लू कट्टा बताते हुए जान से मारने की धमकी दी और फरार हो गया। बर्रा पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर बब्लू कट्टा व चार अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।







