नोएडा। नोएडा के सेक्टर-75 स्थित एक पॉश सोसाइटी में ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए रखी गई घरेलू सहायिका पर कीमती हीरे की अंगूठी चोरी करने का आरोप लगा है। पीड़ित परिवार की शिकायत पर सेक्टर-113 थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, सेक्टर-75 में रहने वाले निशांत ने कुछ दिन पहले “स्नैबिट” एप के जरिए एक घरेलू सहायिका सरिता को काम पर रखा था। बताया जा रहा है कि काम के दौरान निशांत की पत्नी ने अपनी हीरे की अंगूठी टेबल पर रखी थी और कुछ समय बाद जब उन्होंने उसे पहनने की कोशिश की, तो अंगूठी गायब मिली।
परिवार ने तुरंत सरिता से संपर्क किया, लेकिन उसने चोरी से इनकार कर दिया। इसके कुछ देर बाद उसका फोन स्विच ऑफ मिला। संदेह होने पर निशांत ने थाने में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस का कहना है कि ऐप के माध्यम से सहायिका की डिटेल्स जुटाई जा रही हैं और सोसाइटी के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।







