मासूम की हालत नाजुक, अस्पताल में भर्ती
शाहजहांपुर। मदनापुर थाना क्षेत्र के दौलतपुर गांव में घरेलू कलह के चलते एक महिला ने आत्मघाती कदम उठा लिया। जेठानी से विवाद के बाद महिला ने पहले अपने दो वर्षीय बेटे को जहरीला पदार्थ खिलाया और फिर खुद भी सेवन कर लिया। इस दुखद घटना में महिला की मौत हो गई, जबकि बच्चा गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती है।
मृतका की पहचान 28 वर्षीय शिवानी सिंह के रूप में हुई है, जिसका पति सुधीर हरियाणा में नौकरी करता है। शिवानी गांव में अपने बेटे निशांत के साथ रहती थी। बताया जा रहा है कि शनिवार सुबह जमीन को लेकर उसका अपनी जेठानी से विवाद हुआ था। विवाद के बाद शिवानी ने यह गंभीर कदम उठा लिया।
घटना के बाद परिवार में अफरा-तफरी मच गई। परिजन दोनों को तत्काल सीएचसी जलालाबाद लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने शिवानी को मृत घोषित कर दिया। बेटे को गंभीर हालत में राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।







