नई दिल्ली। भलस्वा डेयरी इलाके में कंटेनर में मिले शव के रहस्य को पुलिस ने सुलझा लिया है। मृतक की शिनाख्त केजरीवाल (45) के रूप में हुई है। पुलिस ने हत्या के आरोप में उसके दोस्त विरेंद्र को गिरफ्तार किया है। दोनों नशे के आदी थे और इनके बीच रुपये के लेन-देन को लेकर विवाद था। दोनों फुटपाथ पर ही सोते थे। दोस्त की हत्या करने के बाद से आरोपी फरार हो गया था। सीसीटीवी कैमरे के जरिए पुलिस को आरोपी का सुराग मिला।
लोगों ने बताया कि दोनों नशे के आदी थे। साथ ही पता चला कि दोनों जीटी करनाल रोड के फुटपाथ पर सोते थे। पुलिस ने आरोपी की जमुना बाजार, कनॉट प्लेस स्थित हनुमान मंदिर, नई दिल्ली रेलवे स्टेशन सहित दिल्ली के सभी रेलवे स्टेशनों और बस अड्डों जांच की। 11 अप्रैल को एएसआई नरेश को आरोपी के जीटी करनाल बाईपास के पास आने की जानकारी मिली, जहां से उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने बताया कि 2010 में वह लखीमपुर खीरी से दिल्ली आया था। वह कबाड़ी का काम करने लगा, लेकिन वह कमाई से संतुष्ट नहीं था और बुरी संगत में पड़ गया। नशे के लिए वह अपराध करने लगा। उसने बताया कि उसका मृतक केजरीवाल से पैसों को लेकर विवाद था, जिसकी वजह से उसने लात घूसों, पत्थरों और लाठियों से पीट-पीट कर हत्या कर दी।







