नई दिल्ली- राजधानी के मॉडल टाउन इलाके में बुधवार रात एक छोटे से विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया, जब पड़ोसी ने एक युवक पर चाकू से हमला कर उसकी जान ले ली। मृतक की पहचान 24 वर्षीय सुमित के रूप में हुई है, जबकि पुलिस ने आरोपी 18 वर्षीय सूरज को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, घटना राजपुरा गुड़मंडी स्थित एक मकान की है, जहां सुमित अपने परिवार के साथ पहली मंजिल पर रहता था। उसी इमारत की दूसरी मंजिल पर रहने वाले सूरज से उसका अक्सर विवाद होता रहता था। बुधवार रात करीब 11 बजे दोनों के बीच सीढ़ियों पर कूड़ा फेंकने को लेकर कहासुनी हो गई।
देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि सूरज अपने कमरे में गया और चाकू लेकर वापस आया। उसने सुमित पर पीछे से कई वार कर दिए। इस दौरान सुमित का भाई अमित उसे बचाने आया, लेकिन आरोपी ने उस पर भी हमला कर उसे घायल कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को तुरंत हिंदू राव अस्पताल पहुंचाया गया। वहां डॉक्टरों ने सुमित को मृत घोषित कर दिया, जबकि अमित का इलाज जारी है।
परिवार के सदस्यों के मुताबिक, विवाद की शुरुआत तब हुई जब आरोपी ने ऊपर से नीचे की सीढ़ियों पर कूड़ा फेंका, जिसका विरोध करने पर कहासुनी हो गई। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और मामले की गहराई से जांच की जा रही है।







