नई दिल्ली- दिल्ली पुलिस के एक सब-इंस्पेक्टर के साथ धोखाधड़ी का गंभीर मामला सामने आया है। आरोपी ने फ्लैट दिलाने का लालच देकर पुलिसकर्मी से 35 लाख रुपये हड़प लिए। पीड़ित सब-इंस्पेक्टर मोहम्मद नसीम खान की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। ठगी में एक कथित बिल्डर इमरान उर्फ “इंशाअल्लाह” समेत उसके दो सहयोगियों के नाम सामने आए हैं।
सस्ते फ्लैट का झांसा बन गया ठगी का जाल
पीड़ित अधिकारी नसीम खान, जो वर्तमान में दयालपुर थाने में तैनात हैं, का आरोप है कि उनकी मुलाकात ड्यूटी के दौरान मुस्तफाबाद निवासी इमरान से हुई थी। इमरान ने खुद को बिल्डर बताते हुए दावा किया कि वह भागीरथी विहार की गली नंबर-6 में एक निर्माणाधीन इमारत में फ्लैट बना रहा है। उसने कहा कि 60 लाख की कीमत वाला फ्लैट उन्हें 40 लाख रुपये में दे देगा, बशर्ते बुकिंग तुरंत की जाए।
विश्वास जीतने के लिए आरोपी ने उन्हें निर्माण स्थल भी दिखाया और एक एग्रीमेंट तैयार कर 5-5 लाख की किश्तों में कुल 35 लाख रुपये वसूल लिए। ये रकम इमरान और उसके साथियों—ताज मोहम्मद और सद्दाम सैफी—के खातों में ट्रांसफर की गई।
जमीन किसी और की निकली, बिल्डर ने दी धमकी
निर्धारित समय पर जब बिल्डिंग तैयार हो गई, तो सब-इंस्पेक्टर ने रजिस्ट्री कराने के लिए संपर्क किया। लेकिन इस पर इमरान टालमटोल करने लगा। जब जांच की गई तो पता चला कि जिस इमारत की बात की जा रही थी, वह किसी और की है—इमरान का उससे कोई लेना-देना नहीं है।
जब नसीम खान ने पैसे वापस मांगे तो इमरान ने उल्टा उन्हें झूठे केस में फंसाने की धमकी दी। इस पर पीड़ित ने अपने ही थाने में लिखित शिकायत दी, जिसके आधार पर अब केस दर्ज किया गया है।
पुलिस ने शुरू की तलाश, अन्य पीड़ितों के सामने आने की संभावना
दिल्ली पुलिस ने आरोपी इमरान और उसके दोनों साथियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उनकी तलाश जारी है। पुलिस को शक है कि यह गैंग इस तरह की ठगी की कई वारदातों में शामिल हो सकता है। अन्य संभावित पीड़ितों से भी संपर्क करने की कोशिश की जा रही है।







