नई दिल्ली। सरोजनी नगर स्थित सर्वे ऑफ इंडिया डिफेंस ऑफिसर कॉम्पलेक्स के सीनियर सर्वेयर महेश कुमार की हत्या मामले में रोंगटे खड़े कर देने वाला खुलासा हुआ है। आरोपी अनीस सर्वेयर महेश पर तब तक वार कर रहा, जब तक वह तड़पता रहा। उसने पीड़ित के सिर पर पाइप रिंच से वार किए। पहले ही वार में महेश नीचे गिर गया। आरोपी ने बताया कि उसने महेश की हत्या की साजिश करीब 20 दिन पहले रच ली थी। दक्षिण-पश्चिमी जिला पुलिस अधिकारियों के अनुसार, अनीस ने महेश की हत्या 28 अगस्त को की थी। इसके बाद आरोपी साउथ एक्स मार्केट गया, वहां से बड़ी वाली पांच पॉलिथीन खरीद कर लाया। आरोपी ने महेश के शव को पांच पॉलिथीन में पैक किया और फिर शव को कार की डिक्की में रख दिया। आरोपी ने महेश के शव को इस तरह पैक किया कि खून की एक बूंद भी बाहर नहीं निकली।
अगले दिन यानि 29 अगस्त को उसने महेश के शव को मकान नंबर-623, सेक्टर-दो आरके पुरम में स्थित मकान के आंगन में जमीन में गाड़ दिया। इसके बाद 30 अगस्त को फर्श को पक्का करवा दिया। आरके पुरम थानाध्यक्ष रविंद्र कुमार त्यागी की देखरेख में इंस्पेक्टर सुरेंद्र व एसआई पवन की टीम ने आरोपी अनीस को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने जब शव को जमीन से निकाला तो शव सड़-गल चुका था। पुलिस अधिकारियों के अनुसार पुलिस को महेश के शव की पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिल गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर में लगी चोटों को मौत की वजह बताया गया है।







