गुरुग्राम। जिले के बादशाहपुर थाना क्षेत्र के दरबारीपुर रोड पर स्थित कबड्डी ग्राउंड में एक दिन के नवजात का शव पाया गया। उसके गले पर कट का निशान पाया गया। लोगों की सूचना पर बादशाहपुर पुलिस, सीन ऑफ क्राइम टीम और डॉग स्क्वायड ने मौके का मुआयना किया। पुलिस ने फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। रिपोर्ट के बाद पता चल पाएगा कि नवजात की हत्या कर शव वहां डाला गया या फिर वह मृत पैदा हुआ था।
शुक्रवार सुबह सात बजे कुछ लोग कबड्डी ग्राउंड में सैर करने पहुंचे थे। इसी दौरान कूड़े के ढेर के पास पॉलीथिन में लिपटा एक नवजात का शव देखा गया। सूचना पर बादशाहपुर थाना पुलिस पहुंची। उसने जांच के बाद डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया। जांच के बाद पता चला कि नवजात सिर्फ एक दिन का है। वहीं उसके गले पर कट के निशान पाए गए।
पुलिस ने आसपास के लोगों से भी इसके बारे में पूछताछ की। वहीं इस शव को कौन यहां पर डालकर गया? इसका पता लगाने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं इसके परिजन का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। तीन दिन बाद पोस्टमार्टम में यह पता चलेगा कि नवजात के गले पर निशान किस तरह आए। इसके बाद ही आगे की कार्रवाई की जा सकेगी।







