हरियाणा। सोनीपत के गांव रोहणा में आंगन में चचेरी बहन की गोली मारकर हत्या करने के मामले में पुलिस ने आरोपी युवक गांव खांडा निवासी विकास उर्फ गुल्लू को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने शुरुआती पूछताछ में बताया कि वह अपने दोस्त से तमंचा मांगकर लाया था।
वह बहन को हथियार दिखा रहा था तो हंसी-मजाक में गोली चल गई। गोली बहन के हाथ में लगने के बाद सीने में जा लगी। पुलिस ने आरोपी को रिमांड पर लेकर पूछताछ करेगी। वहीं पुलिस ने युवती के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है।
एसीपी जीत सिंह ने बताया कि गांव रोहणा निवासी मनोज ने पुलिस था कि वह रविवार को गायन मंडली के साथ रोहतक के गांव हसनगढ़ गए थे। जहां पर सूचना मिली कि उनकी बेटी खुशबू (19) को गोली लगी है। वह अस्पताल में पहुंचे तो पता लगा की उनकी बेटी की मौत हो गई है। उनकी पत्नी संतोष ने बताया था कि बेटी को गोली विशाल उर्फ गुल्लू ने मारी है।
इस पर पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया था। पुलिस ने सोमवार को नागरिक अस्पताल से शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। मामले में कार्रवाई करते हुए इंस्पेक्टर सुनील कुमार व एसआई हरिप्रकाश की टीम ने आरोपी विशाल को देर शाम को गिरफ्तार कर लिया है। उसे मंगलवार को अदालत में पेश कर रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी।
एसीपी ने बताया कि आरोपी ने शुरुआती पूछताछ में बताया है कि वह अपने दोस्त मोहित से तमंचा लेकर आया था। वह उसे लेकर चाचा के घर चला गया। वहां पर उसकी चचेरी बहन खुशबू को तमंचा दिखाकर मजाक में डरा रहा था। उनकी बहन ने कहा था कि इस तरह गोली चल जाती है। इसी दौरान अचानक उनके हाथ से गोली चल गई। गोली उनकी चचेरी बहन के हाथ में लगने के बाद उसके सीने में जा लगी। गोली चलने के बाद वह भाग गया था।
आरोपी ने पुलिस के सामने अपने दोस्त की तरफ से तमंचा देने की बात कही है। अब पुलिस उसके दोस्त मोहित का पता लगा रही है। उसके खिलाफ भी अवैध शस्त्र अधिनियम में कार्रवाई की जाएगी। साथ ही उससे पूछताछ कर मामले की सच्चाई के बारे में पता लगाने की कोशिश की जाएगी।







