मोबाइल टावर के एवज में मांग रहा था 75 हजार रुपये, विजिलेंस टीम ने 25 हजार लेते ही दबोचा
नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस की छवि को एक बार फिर झटका लगा है। बुराड़ी थाने में तैनात एक हवलदार को विजिलेंस टीम ने 25 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोप है कि वह एक नागरिक से मोबाइल टावर लगाने के एवज में 75 हजार रुपये की मांग कर रहा था।
बुराड़ी थाना क्षेत्र में तैनात दिल्ली पुलिस के हवलदार सुरेंद्र कुमार मीणा को भ्रष्टाचार के आरोप में विजिलेंस टीम ने रिश्वत लेते समय धर दबोचा। शिकायतकर्ता ने बताया कि उसने अपने घर की छत पर मोबाइल टावर लगवाया था, जिसके बाद हवलदार मीणा उस पर 75 हजार रुपये की अवैध मांग कर रहा था।
रकम न देने पर कार्रवाई की धमकी मिल रही थी, जिसके बाद पीड़ित ने विजिलेंस को शिकायत दी। टीम ने योजना बनाकर पीड़ित को 25 हजार रुपये के साथ आरोपी हवलदार के पास भेजा। पहले से की गई तैयारी के तहत नोटों पर विशेष रासायनिक कोटिंग की गई थी। जैसे ही हवलदार ने पैसे लिए, टीम ने मौके पर पहुंचकर उसे गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी की तबीयत बिगड़ने पर उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। शनिवार शाम को जिला पुलिस उपायुक्त राजा बांठिया ने आरोपी को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया। साथ ही, इस मामले में एक इंस्पेक्टर की भूमिका की भी जांच हो रही है।
गौरतलब है कि आरोपी हवलदार वर्ष 2010 से दिल्ली पुलिस में कार्यरत था और पिछले साल मार्च से बुराड़ी थाने में तैनात था। मामले की जांच विजिलेंस विभाग द्वारा जारी है।







