बंद भट्ठे में मिला युवक का शव, पत्नी और प्रेमी पर हत्या का आरोप
उत्तर प्रदेश। अलीगढ़ के छर्रा क्षेत्र में एक युवक की हत्या की दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। युवक के हाथ बांधकर, पेट पर धारदार हथियार से वार किया गया और पहचान मिटाने के लिए शव पर तेजाब डाल दिया गया। घटना के पीछे पत्नी और उसके प्रेमी पर संदेह जताया गया है।
अलीगढ़ जिले के धनसारी गांव निवासी 28 वर्षीय यूसुफ खां की बेरहमी से हत्या कर दी गई। पहले उसे बांधकर धारदार हथियार से हमला किया गया, फिर पहचान छिपाने के लिए पूरे शरीर पर तेजाब डाला गया। शव को ढोलना क्षेत्र के गांव जखेरा स्थित एक बंद ईंट-भट्ठे की झाड़ियों में फेंक दिया गया था, जहां यह चार दिन तक पड़ा रहा।
पुलिस ने शनिवार को झाड़ियों से सड़ी-गली हालत में शव बरामद किया। बाल गायब थे और शरीर पर कीड़े पड़ चुके थे। शव की पहचान कपड़ों और चप्पलों के आधार पर परिजनों ने की। फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। रिपोर्ट ने हत्या की पुष्टि की।
ढोलना कोतवाली प्रभारी ने बताया कि यूसुफ की पीठ के पीछे हाथ बांधकर पेट में धारदार हथियार से वार किया गया। शरीर को तेजाब से झुलसा दिया गया था, जिससे पहचान न हो सके।
यूसुफ के पिता भूरे खां ने आरोप लगाया है कि उसकी पत्नी तब्बसुम और उसके प्रेमी दानिश ने मिलकर हत्या की। यूसुफ मंडी में पल्लेदारी करता था और 29 जुलाई को काम के लिए घर से निकला था, लेकिन लौटकर नहीं आया। परिजनों ने पहले छर्रा थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी, अब हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है।
परिजनों का दावा है कि दानिश, यूसुफ को काम का झांसा देकर अक्सर घर आता था और तभी से उसकी पत्नी के साथ नजदीकियां बढ़ीं। घटना के बाद से तब्बसुम, दानिश और उनके परिवार के लोग फरार हैं।
यूसुफ की शादी नौ साल पहले मड़राक की तब्बसुम से हुई थी। उनके दो बेटे हैं—असलान (6) और अदनान (4)। परिजनों का कहना है कि यूसुफ, पत्नी के दानिश से फोन पर बात करने का विरोध करता था।
वर्तमान में पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपियों की तलाश जारी है।







