बरेली। अमन पटेल हत्याकांड का खुलासा कर पुलिस ने उसके बहनोई विकास व उसके दोस्त अभिषेक श्रीवास्तव को जेल भेज दिया है। करीबी रिश्तेदार की युवती से विकास के संबंध हो गए थे। अमन इसका विरोध कर रहा था। इसलिए सुनियोजित तरीके से उसे गोली मार दी गई। बिथरी थाना प्रभारी संजय तोमर ने बताया कि अमन के ताऊ की बेटी वर्षा की शादी भुता थाने के गांव इस्माइलपुर निवासी विकास के साथ हुई है। चार महीने पहले वर्षा ने बच्चे को जन्म दिया था। वर्षा की तीमारदारी के लिए रिश्तेदार युवती विकास के घर गई थी। इसी बीच विकास ने उस युवती से संबंध बना लिए। युवती घर लौट आई और मोबाइल के जरिये विकास के संपर्क में रही।
इन अवैध संबंधों की जानकारी जब अमन को हुई तो उसने विरोध या। परिवार को जानकारी होने पर रिश्तेदारी में विकास के आने-जाने पर पाबंदी लगा दी। विकास ने अमन को रास्ते से हटाने की योजना बना ली थी। बिथरी थाना क्षेत्र में रविवार रात उसने गोली मारकर अमन की हत्या कर दी थी। इंस्पेक्टर संजय सिंह के मुताबिक बरेली में खरीदारी करने के दौरान अमन के साथ चार लोगों के होने की पुष्टि हुई। सचिन और विक्रांत ने जो बयान और मौजूदगी बताई वह सर्विलांस, सीसीटीवी आदि से पूरी तरह सही पाई गई। विकास का पहला बयान ही उलझा हुआ था। उसने कहा था कि कपड़ों की खरीद कराने के बाद वह अपने कमरे पर चला आया था पर लोकेशन के हिसाब से वह गलत बोल रहा था।







