मेरठ। सदर तहसील में रिश्वतखोरी के एक मामले का पर्दाफाश हुआ है। समाधान दिवस के दौरान एक लेखपाल को पांच हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए एंटी करप्शन टीम ने मौके पर ही धर दबोचा। आरोपी लेखपाल पर एक महिला से जमीन के दाखिल-खारिज मामले में अवैध वसूली की कोशिश का आरोप है।
गाँव गेझा की एक महिला ने शिकायत में कहा कि वह 29 अक्टूबर को अपनी पौना बीघा जमीन का दाखिल-खारिज कराने के लिए तहसील पहुंची थी। इस दौरान लेखपाल ऋषभ चौहान ने साफ कहा कि चाहे जमीन एक गज हो या आधा बीघा—बिना 5 हजार रुपये दिये वह संबंधित एंट्री आगे नहीं बढ़ाएगा। महिला ने इस दबाव की शिकायत एंटी करप्शन टीम से कर दी।
शिकायत के आधार पर टीम ने सोमवार को तहसील में ट्रैप बिछाया। समाधान दिवस के बीच में ही जैसे ही लेखपाल ने 5 हजार रुपये की मांग पूरी की, एंटी करप्शन टीम ने उसे पकड़ लिया। गिरफ्तारी के बाद लेखपाल को देहली गेट थाने ले जाया गया, जहां उससे पूछताछ चल रही है। पुलिस ने इस सम्बंध में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।







