शेरगढ़ पुलिस ने तत्काल कार्रवाई कर दर्ज किया मुकदमा, आरोपी के खिलाफ BNS की धाराओं में केस
उत्तर प्रदेश। मथुरा के शेरगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम हुसैनी में हुए मारपीट के एक मामले में पुलिस ने तेज़ी से कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई तब की गई जब पुलिस को गांव में आपसी झगड़े की सूचना मिली।
पुलिस के अनुसार, आरोपी उदय सिंह पुत्र निहाल सिंह (लगभग 24 वर्ष), निवासी ग्राम हुसैनी, ने विवाद के दौरान एक व्यक्ति पर घर में घुसकर हमला कर दिया। इस हमले में पीड़ित को गंभीर चोटें आई हैं और उसकी स्थिति चिंताजनक बताई जा रही है।
घटना के बाद पुलिस ने तुरंत हस्तक्षेप करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया और उसके खिलाफ मु.अ.सं. 147/2025 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 333, 115(2), 352, 351(2), 131 और 110 के अंतर्गत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई प्रारंभ कर दी।
इस पूरे ऑपरेशन में शेरगढ़ थाने के प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार, उप निरीक्षक संदीप कुमार त्यागी और उप निरीक्षक प्रशांत शर्मा की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस आगे की जांच कर रही है और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं को भी खंगाल रही है।







