मेरठ। थाना कोतवाली क्षेत्र में पांच साल की मासूम बच्ची के साथ सरेराह अश्लील हरकत करने के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मामला सामने आने के बाद पूरे इलाके में आक्रोश फैल गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट सहित गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार, घटना 23 अक्टूबर 2025 की है। आरोपी युवक ने मोहल्ले में खेल रही बच्ची के साथ आपत्तिजनक हरकत की थी। इस दौरान पड़ोस में रहने वाली एक महिला ने पूरी घटना देख ली, लेकिन बच्ची के परिजन उस समय अनजान थे।
महिला ने सोमवार को बच्ची के पिता को पूरी बात बताई, जिसके बाद पिता ने थाना कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आसपास के सीसीटीवी कैमरे खंगाले। फुटेज में आरोपी की पहचान जत्तीवाड़ा निवासी रजत के रूप में हुई।
पुलिस ने देर रात छापेमारी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है और उसे मंगलवार को अदालत में पेश किया जाएगा।







