नई दिल्ली- इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर तैनात सीमा शुल्क अधिकारियों ने बैंकॉक से आई एक भारतीय महिला को हिरासत में लेकर उसके पास से 970 ग्राम प्रतिबंधित मादक पदार्थ (हाइड्रोपोनिक वीड) जब्त किया है।
सूत्रों के मुताबिक, यह घटना 30 अक्टूबर 2025 की है, जब महिला यात्री स्पाइसजेट की उड़ान संख्या SG-88 से दिल्ली पहुंची थी। यात्री द्वारा ग्रीन चैनल से बाहर निकलने की कोशिश के दौरान अधिकारियों को संदेह हुआ। उसके सामान को एक्स-रे मशीन से गुजारा गया, जिसमें संदिग्ध आकृतियाँ दिखाई दीं।
जाँच के पश्चात, उसके बैग से वैक्यूम-पैक किए गए कई पैकेट मिले, जिनमें हरे रंग का पदार्थ था। जांच में यह पदार्थ हाइड्रोपोनिक वीड के समान पाया गया। जब्त सामग्री का कुल वजन (पैकिंग सहित) 970 ग्राम निकला।
सीमा शुल्क विभाग ने मामला दर्ज कर लिया है और अब यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि यह मादक पदार्थ कहाँ से आया और किसे भेजा जाना था।







