गाजियाबाद – सिहानी गेट थाना क्षेत्र के जत्तीवाड़ा मोहल्ले में बुधवार देर रात एक युवक का शव कमरे में फंदे से लटका मिला। युवक की पहचान 26 वर्षीय सचिन वाल्मीकि के रूप में हुई है, जो कुछ समय से परिवार से अलग पटेलनगर में किराए पर रह रहा था।
पुलिस के अनुसार, घटना से पहले सचिन ने अपने एक पारिवारिक सदस्य को फोन कर मानसिक तनाव की जानकारी दी थी। सूचना मिलने पर जब परिजन मौके पर पहुंचे, तो कमरा अंदर से बंद था। खिड़की से झांकने पर युवक को फंदे से लटका देखा गया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और युवक के फोन रिकॉर्ड व पारिवारिक पृष्ठभूमि की भी पड़ताल की जा रही है।







