हरियाणा। सोनीपत के गांव मोहाना में वृद्धाश्रम के पास साइकिल का खेल देखने गए युवक की रंजिश के चलते गोलियों व चाकू से हमला कर हत्या कर दी गई। युवक के पिता ने गांव के ही सात लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। हत्या को पांच साल पहले गांव में हुए हत्याकांड से जोड़कर देखा जा रहा है। जिसमें घटनास्थल पर गोली लगने से मृतक के भाई सुनील व गांव के दो सगे भाइयों की जान गई थी। मामले में मृतक युवक भी नामजद हुआ था।
गांव मोहाना निवासी बलबीर सिंह ने मोहाना थाना पुलिस को बताया था कि उनका बेटा आनंद (31) बुधवार रात को गांव के वृद्धाश्रम के पास साइकिल का खेल देखने के लिए गया था। रात साढ़े दस बजे गांव के रोहताश ने उन्हें जानकारी दी कि आनंद की गोलियां व चाकू मारकर हत्या कर दी गई है। उन्होंने बताया कि गांव के दीपक उर्फ मठोरी, दीपक कुमार, सागर, लक्ष्य, अमन व संदीप ने गोलियां मारकर व चाकू से हमला कर आनंद की हत्या कर दी है। जब रोहताश, आर्यन व सुनील ने बचाव का प्रयास किया तो उनकी तरफ फायर कर दिया। जिससे वह मौके से भाग निकले। जब वह मौके पर पहुंचे तो उनके बेटे का शव खून से लथपथ पड़ा था। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके बेटे की हत्या कुलदीप ने षड्यंत्र रचकर कराई है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।







