दिल्ली- एनसीआर। नांगलोई इलाके में नौकरी की तलाश में दिल्ली आए एक युवक से बदमाशों ने लूटपाट का प्रयास किया। विरोध करने पर बदमाशों ने चाकू गोदकर युवक की हत्या कर दी। मृतक की पहचान गांव सुजानपुर, औरैया, यूपी निवासी विवेक कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया। सीसीटीवी कैमरे की फुटेज से पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर वारदात में शामिल तीन नाबालिगों को पकड़ लिया है। पुलिस के अनुसार, एक फरवरी को नांगलोई में विवेक की चाकू मारकर हत्या करने की सूचलना मिली। पुलिस ने घायल को पास के अस्पताल लेकर गई, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। विवेक काम की तलाश में दिल्ली आया था।
उसके रिश्तेदार निहाल विहार में रहते हैं और चचेरा भाई दिल्ली में टीवी शोरूम में सेल्समैन है। विवेक अपने चचेरे भाई के साथ काम करने के लिए दिल्ली आया था। न्यू अशोक नगर में मोबाइल चोरी के शक में युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। ई-रिक्शा गैराज में तीन लड़कों ने किशन ठाकुर (27) को बुरी तरह पीटा। घर पहुंचने पर किशन की तबीयत बिगड़ गई। अस्पताल ले जाने पर उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाया तो पिटाई से मौत की बात सामने आई। इसके बाद न्यू अशोक नगर थाना पुलिस ने मां के बयान पर गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी संजीत, सोनू और सुनील तीनों की पुलिस को तलाश है। पुलिस के मुताबिक, किशन के साथ 17 ब्लॉक, त्रिलोकपुरी में रहता था। परिवार में मां सुशीला देवी के अलावा अन्य सदस्य हैं। किशन बेरोजगार था। 30 जनवरी की रात को वह मां से कुछ देर में आने की बात कहकर निकला था।
देर रात को वह घर पहुंचा तो बुरी तरह जख्मी था। मां को उसने बताया कि वह न्यू अशोक नगर में ई-रिक्शा गैराज में गया था। वहां मोबाइल चोरी के शक में संजीत, सोनू और सुनील ने डंडों आदि से उसकी पिटाई कर दी। किसी तरह वह घर पहुंचा। देर रात को तबीयत बिगड़ी तो परिजन उसे एलबीएस अस्पताल ले गए जहां उसकी मौत हो गई। पुलिस ने 31 जनवरी को पोस्टमार्टम कराया। डॉक्टरों ने पिटाई से मौत की जानकारी दी।







