गुरुग्राम। शहर के चौमा क्षेत्र में शनिवार शाम एक 25 वर्षीय युवक ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान मध्य प्रदेश के पन्ना जिले के अमानगंज क्षेत्र स्थित पड़ादिया गांव निवासी संजू के रूप में हुई है। वह गुरुग्राम में अपने परिवार के साथ किराये के मकान में रहता था।
परिवार के अनुसार संजू बीते दो महीनों से गंभीर रूप से बीमार चल रहा था, जिसके चलते उसने निजी कंपनी में चल रही नौकरी छोड़ दी थी। लगातार बिगड़ते स्वास्थ्य से मानसिक रूप से दबाव में रहने की बात सामने आई है।
शनिवार शाम करीब छह बजे के आसपास उसने अपने कमरे में फांसी लगा ली। कुछ देर बाद करीब 6:30 बजे जब उसकी मां काम से लौटकर घर पहुंचीं तो उन्हें घटना का पता चला। परिजन तुरंत उसे सिविल अस्पताल लेकर गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
पालम विहार थाना पुलिस के जांच अधिकारी दीपक ने बताया कि घटनास्थल की जांच कर ली गई है और परिजनों के बयान दर्ज कर लिए गए हैं। प्रारंभिक जांच में किसी प्रकार की साजिश या संदिग्ध गतिविधि के संकेत नहीं मिले हैं। पुलिस मामले की औपचारिक जांच आगे बढ़ा रही है।







