नैनीताल। कैंची धाम के पास स्थित किरौला रेस्टोरेंट में देर रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। देर रात करीब दो बजे एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही भवाली पुलिस तत्काल मौके पर पहुँची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
भवाली कोतवाली के एसएसआई आसिफ खान ने बताया कि मृतक की पहचान बेतालघाट निवासी आनंद सिंह (39 वर्ष) के रूप में हुई है। उन्होंने कहा कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुँची और फॉरेंसिक टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया।
पुलिस के अनुसार, जिस बंदूक से गोली चली, वह लाइसेंसी है। प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि गोली गलती से चली या मामला आत्महत्या या किसी अन्य कारण से जुड़ा है। पुलिस ने कहा कि घटना के सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है और परिजनों को सूचना दे दी गई है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, घटना के समय रेस्टोरेंट बंद था और वहां कुछ ही लोग मौजूद थे। फिलहाल पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटा लिए हैं और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो पाएगा।







