हरियाणा। हांसी क्षेत्र के गांव माजरा प्याऊ में एक महिला पर उसके ही भतीजे द्वारा घर में घुसकर जानलेवा हमला करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। गंभीर रूप से घायल महिला को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज अग्रोहा में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने पीड़िता के बयान पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, गांव माजरा प्याऊ निवासी 55 वर्षीय केला नामक महिला पिछले 20 साल से अकेली रह रही है। उनके पति का निधन हो चुका है और उनकी कोई संतान नहीं है। पीड़िता का आरोप है कि रविवार देर शाम उनके देवर का बेटा राजेश जबरन घर का दरवाजा तोड़कर अंदर घुस आया।
महिला ने बताया कि आरोपी ने पहले चुन्नी से गला दबाने की कोशिश की और विरोध करने पर डंडे से सिर पर वार कर दिया। हमले के दौरान वह बेहोश होकर जमीन पर गिर गईं। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायल महिला को हांसी के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उन्हें गंभीर हालत में हिसार रेफर कर दिया, जहां से आगे मेडिकल कॉलेज अग्रोहा शिफ्ट किया गया।
पीड़िता के बयान और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर थाना नारनौंद पुलिस ने आरोपी राजेश के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।







