नई दिल्ली- पूर्वी दिल्ली के गाजीपुर क्षेत्र में शनिवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सुबह करीब छह बजे तेज रफ्तार एसयूवी ने सड़क किनारे पैदल जा रहे 76 वर्षीय बुजुर्ग को टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची। सर्विस रोड के पास एक काली स्कॉर्पियो खड़ी मिली और फुटपाथ पर गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग पड़े थे। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान पैक करमाई के रूप में हुई है, जो मूल रूप से पश्चिम बंगाल के रहने वाले थे और गाजीपुर गांव में रहकर फूल मंडी में काम करते थे।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वाहन पहले डिवाइडर से टकराया और फिर अनियंत्रित होकर फुटपाथ की ओर मुड़ गया, जहां पैदल चल रहे बुजुर्ग उसकी चपेट में आ गए। हादसे के वक्त वे अपने दो परिचितों के साथ काम पर जा रहे थे।
पुलिस ने मौके पर मौजूद 26 वर्षीय चालक श्रेय कुमार, निवासी नोएडा (उत्तर प्रदेश), को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया है। उसके खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने और गैर इरादतन हत्या से संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि वाहन में अन्य कौन लोग सवार थे और हादसे के पीछे की पूरी परिस्थितियां क्या थीं।







