पुलिस पूछताछ और फॉरेंसिक जांच में जुटी
बागपत। बागपत जिले के गांगनौली गांव में शनिवार सुबह दिल दहला देने वाली वारदात ने पूरे इलाके को दहशत में डाल दिया। मस्जिद परिसर में रह रही एक महिला और उसके दो मासूम बच्चों की निर्मम तरीके से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। वारदात की खबर फैलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई।
जानकारी के अनुसार, मृतक परिवार मौलाना इब्राहीम पुत्र यामीन निवासी सुन्ना, जिला मुजफ्फरनगर का है। मौलाना गांगनौली गांव की मस्जिद में रहकर धार्मिक शिक्षा का कार्य करते थे। घटना के समय वे देवबंद में एक धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होने गए हुए थे।
शनिवार सुबह जब बच्चे नमाज और तालीम के लिए मस्जिद पहुंचे, तो उन्होंने महिला और दोनों बच्चों को खून से लथपथ हालत में पड़ा देखा। यह दृश्य देखकर बच्चों ने शोर मचाया, जिसके बाद गांव में हड़कंप मच गया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए हैं और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि हत्या की वजह का अभी तक पता नहीं चल सका है, लेकिन हर संभव एंगल से जांच जारी है।







