साहिबाबाद। श्यामपार्क इलाके में देर रात हुई चोरी की एक बड़ी वारदात ने क्षेत्र में दहशत फैला दी। अज्ञात चोरों ने एक बैंककर्मी के बंद फ्लैट को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के आभूषण और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। वारदात इतनी शातिर तरीके से अंजाम दी गई कि परिवार को सुबह तक इसकी भनक तक नहीं लगी।
पीड़ित विनीत कुमार नोएडा में एक निजी बैंक में कार्यरत हैं और श्यामपार्क की एक बिल्डिंग में उनके परिवार के दो फ्लैट पास-पास स्थित हैं। घटना वाली रात विनीत अपने माता-पिता और भाई के साथ दूसरे फ्लैट में सो रहे थे, जबकि उनका फ्लैट खाली था। इसी का फायदा उठाकर चोरों ने पहले परिजनों के फ्लैट का दरवाजा बाहर से बंद किया और फिर खाली फ्लैट का ताला तोड़कर अंदर घुस गए।
चोरों ने घर के अंदर अलमारियों और लॉकर को तोड़ते हुए करीब 15 हजार रुपये नकद और अनुमानित 15 से 20 लाख रुपये के जेवरात चोरी कर लिए। सुबह जब परिजन उठे और दरवाजा खोलने का प्रयास किया तो वह बाहर से बंद मिला। पड़ोसियों की मदद से दरवाजा खुलवाया गया, तब चोरी की जानकारी सामने आई।
सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए। पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। एसीपी साहिबाबाद श्वेता यादव ने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।







