शराब पीते समय हुआ विवाद, गमछे से गला दबाकर और सिर पटककर मार डाला
साहिबाबाद। लिंक रोड थाना क्षेत्र के कड़कड़ मॉडल गांव में एक दर्दनाक वारदात में श्रमिक रंजीत राम (45) की हत्या उसके ही दोस्त विक्रम ने कर दी। पुलिस के अनुसार, 12 अगस्त की शाम दोनों साथ बैठकर शराब पी रहे थे, तभी नशे में पैसों और शराब को लेकर विवाद हो गया। गुस्से में विक्रम ने पहले रंजीत का गला गमछे से दबाया, फिर उसका सिर बार-बार जमीन पर पटक दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
मौके पर मौजूद रंजीत के रूम पार्टनर रवि भूषण ने घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू की और अगले ही दिन आरोपी विक्रम को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में विक्रम ने अपना जुर्म कबूल किया। डीसीपी ट्रांस हिंडन निमिष पाटील ने बताया कि रवि भूषण की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और उसे कोर्ट के आदेश पर जेल भेजा गया है।







