ग्रेटर नोएडा- ग्रेटर नोएडा के बिसरख थाना क्षेत्र से एक दुखद घटना सामने आई है, जहां चिपियाना गांव के पास एक निर्माणाधीन इमारत के नजदीक स्थित पार्क में एक युवक का शव पेड़ से लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की।
पुलिस के अनुसार, सोमवार तड़के डायल-112 पर सूचना प्राप्त हुई कि एक युवक ने पार्क में फांसी लगाकर जान दे दी है। मौके पर पहुंची टीम ने शव को नीचे उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की पहचान 24 वर्षीय रुचित कुमार के रूप में हुई है, जो मूल रूप से सीतापुर जिले के हरगांव थाना क्षेत्र के गांव झबरी का निवासी था।
बताया गया है कि रुचित अपने परिवार के साथ चिपियाना गांव में किराये के मकान में रह रहा था और दिहाड़ी मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था। उसके पिता भी मजदूरी करते हैं। परिवार में दो भाई और तीन बहनें हैं। अचानक हुई इस घटना से परिजन गहरे सदमे में हैं।
घटनास्थल से पुलिस को शराब की खाली बोतल और कुछ खाने-पीने का सामान मिला है, जिससे आशंका जताई जा रही है कि युवक ने शराब के सेवन के बाद यह कदम उठाया होगा। हालांकि, मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है, जिससे आत्महत्या के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है।
पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद परिजन शव को लेकर अपने पैतृक गांव चले गए, जहां अंतिम संस्कार किया गया। इस मामले में परिजनों की ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है। पुलिस का कहना है कि फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच की जा रही है।







