एटा। जलेसर के मोहल्ला सराय खानम निवासी टिंकू की दो शादियां हुई थीं। पहली पत्नी की लगभग 10 वर्ष पूर्व मौत हो गई। जिसके बाद इसने दूसरी शादी की थी। लगभग 2 वर्ष पहले उसकी भी मृत्यु हो गई। बाद में इसके चाची के साथ प्रेम संबंध बन गए थे। जिसकी चर्चा अक्सर मोहल्ले में होती रहती थी। स्थानीय लोगों ने बताया कि टिंकू की पहली पत्नी से एक बेटा पैदा हुआ। जिसके बाद वह बीमार पड़ गई और उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। इसके बाद टिंकू ने दूसरा विवाह कर लिया। लगभग दो वर्ष पूर्व प्रसव पीड़ा के चलते उपचार के दौरान दूसरी पत्नी की भी मौत हो गई।
तबसे ही टिंकू की नजदीकियां अपनी चाची महादेवी के साथ बढ़ने लगी। जिसकी चर्चा अक्सर मोहल्ले में होती रहती थी। सोमवार को घर पर टिंकू, इसकी मां गीता देवी, बहन पूजा और चाची महादेवी मौजूद थीं। उसी समय किसी बात को लेकर विवाद हो गया। जिसके चलते गुस्से में आकर टिंकू ने लोहा पीटने वाले घन (हथौड़े) से चाची के ऊपर वार कर दिया। चाची की चीख सुन बचाने पहुंची मां गीता देवी को भी मारा और खुद को भी घायल कर लिया। जिस समय टिंकू ने चाची को मारा, उस समय महादेवी के पति डंबर सिंह, पुत्र किशन और लखन मौजूद नहीं थे। यह लोग धान की रोपाई करने गए हुए थे। वहीं, टिंकू का बेटा भी घर पर नहीं था।
मोहल्ले के ही एक व्यक्ति ने बताया कि 9 जुलाई को टिंकू की मानसिक दिव्यांग बहन पूजा की शादी हुई थी। तब इसकी मां व अन्य लोग घर पर आए थे। अन्यथा सभी लोग टिंकू की बड़ी बहन सुनीता के घर अलीगढ़ में रहते हैं। एसएसपी श्याम नारायण सिंह ने बताया कि जांच-पड़ताल और पूछताछ के दौरान सामने आया है कि टिंकू के संबंध उसकी चाची से थे। सोमवार को किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ और टिंकू ने इस घटना को अंजाम दे दिया। सभी पहलुओं पर जांच चल रही है।







